सरफराज वारसी| बाराबंकीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
बाराबंकी में बमकांड में युवक की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने के बाद पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने यूपी सरकार पर हमला बोला था। कहा था– मौर्य समाज के लोगों को चुन-चुनकर मारा जा रहा है और सरकार ठाकुर बिरादरी के गुंडा-माफियाओं के आगे नतमस्तक हो चुकी है।
इसी बीच गांव के ग्राम प्रधान चंदन सिंह और स्वामी प्रसाद मौर्य की बीच हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया है। जिसमें 6 मिनट 14 सेकंड की बातचीत में चंदन सिंह ने आरोप लगाया आप पिछली सरकार में मंत्री थे, आपकी बेटी सांसद थीं, तब आपने ठाकुर बिरादरी के खिलाफ क्यों नहीं आवाज़ उठाई?
अब आप छोटी घटना को बड़ा रूप देकर मुख्यमंत्री और ठाकुर समाज को बदनाम कर रहे है। स्वामी प्रसाद ने जवाब दिया-आज तक जितने मर्डर हुए हैं, उनमें 90% ठाकुर बिरादरी के ही लोग रहे हैं। दो-चार परसेंट ब्राह्मण हो सकते हैं। चंदन सिंह ने स्वामी प्रसाद मौर्य से कहा- आपको अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए।
पहले जानिए पूरा मामला…

स्वामी प्रसाद मौर्य ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
शनिवार रात बाराबंकी के गोड़ा गांव में दुकानदार शैलेंद्र मौर्य की देसी बम मारकर दुकान के बाहर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। रविवार को शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ बुलडोलर कार्रवाई की मांग की। मामले में अब तक 17 आरोपियों की पहचान हो चुकी है। 8 को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य की तलाश जारी है।
मंगलवार को स्वामी प्रसाद मौर्य ने परिजनों से मुलाकात की। वह एक बजे पीड़ित के घर पहुंचे। यहां दो घंटे तक रुक। स्वामी प्रसाद ने इस जातिगत हिंसा करार दिया।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग
उन्होंने शैलेंद्र मौर्य हत्याकांड में शामिल नामजद अपराधियों की गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। पूर्व मंत्री ने सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। कहा- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल भाषण देते हैं।
सरकार न्याय दिलाने में भेदभाव करती है। गरीब अपराधी के घर पर बुलडोजर चलता है, लेकिन कुछ जातियों के अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिलता है। यह मुख्यमंत्री के जीरो टॉलरेंस को आईना दिखाता है। उन्होंने कहा- समाजवादी पार्टी के गुंडाराज को भी योगी सरकार का गुंडाराज कोसों पीछे छोड़ चुका है।

यह गोड़ा गांव के प्रधान चंदन सिंह हैं। जिनकी स्वामी प्रसाद से बातचीत का ऑडियो सामने आया है।
पढ़िए, स्वामी प्रसाद और प्रधान के बीच हुई बातचीत
चंदन सिंह: मैं प्रधान चंदन सिंह बोल रहा हूं।
मंत्रीजी: कहां से प्रधान जी?
चंदन सिंह: भैया, जहां मंत्री जी आए थे, सूरतगंज, बाराबंकी… उधर से।
मंत्रीजी: अच्छा, हां… चंदन सिंह।
चंदन सिंह: मंत्री जी से मेरी बात करवा दीजिए।
मंत्रीजी: आप मंत्री जी से ही बात कर रहे हैं।
चंदन सिंह: ओह, अच्छा। मंत्री जी, आप सूरतगंज, बाराबंकी आए, लेकिन आपने पूरा मामला समझा ही नहीं और यहां पहुंच गए। पहले आप पूरा मामला देखिए। दोषी वही परिवार है जिसने लड़की को गायब किया है।
मंत्रीजी: हम मान रहे हैं कि गलती उनकी है, लेकिन किसी की हत्या करने का अधिकार किसी को नहीं है। कानून है, उसमें शिकायत होती, कार्रवाई होती।
चंदन सिंह: अगर इन्होंने हत्या की है तो ये जेल जाएंगे। लेकिन आप ये बोल रहे हैं कि ये योगी जी के सजातीय हैं, ठाकुर हैं, तो क्या ये आतंकवादी हैं?
मंत्रीजी: आज तक जितने मर्डर हुए हैं, उनमें 90% ठाकुर बिरादरी के ही लोग रहे हैं। दो-चार परसेंट ब्राह्मण हो सकते हैं।
चंदन सिंह: मैं भी चंदन सिंह बोल रहा हूं। मैं भी ठाकुर हूं। इसका मतलब ये नहीं कि आप जो कहें वो सत्य है। आप पहले योगी आदित्यनाथ की सरकार में शामिल थे। क्यों शामिल हुए थे? लाभ नहीं मिला तो सरकार छोड़ दी?
मंत्रीजी: अभी तक कई लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बुलडोजर क्यों नहीं चला? छोटे-छोटे मामलों में तो बुलडोजर चला है।
चंदन सिंह: आप राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। आप माननीय योगी जी पर आरोप लगा रहे हैं।
मंत्रीजी: मैं आपको एक चार्ट दे दूंगा, आप खुद देख लीजिए।
चंदन सिंह: आप राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। आपके स्वजातीय थे इसलिए आप यहां आए। मेरा निवेदन है, क्या आपको रुईडीहा में ठाकुर वोट नहीं देते? वहीं से आप विधायक बने हैं। मेरे कई जानने वाले लोग हैं जो आपको वोट देते हैं।
मंत्रीजी: अगर अपराधी ठाकुर है, तो क्या किया जाएगा?
चंदन सिंह: अगर आरोपी ठाकुर हैं, तो क्या उनके ऊपर बुलडोजर चलेगा? क्या उन्हें आतंकवादी कहा जाएगा?
मंत्रीजी: क्यों नहीं चलेगा?
चंदन सिंह: माननीय जी, आप सरकार में थे। वो दिन दूर नहीं जब आपके घर पर भी बुलडोजर चलेगा। आपके ऊपर भी काफी क्रिमिनल इतिहास है।
मंत्रीजी: अपराधी का पक्ष नहीं लेना चाहिए। अपराधी, अपराधी होता है।
चंदन सिंह: माननीय मंत्री जी, आप विधायक हैं, आपका सम्मान है।
मंत्रीजी: ठीक है, आपकी बात सुन ली। चलिए ठीक है।
चंदन सिंह: आपकी बिरादरी के हो सकते हैं, लेकिन आप माननीय योगी आदित्यनाथ जी पर उंगली नहीं उठा सकते।
मंत्रीजी: एक बात सुनिए, सारे मर्डर में 90 फीसदी ठाकुर बिरादरी से ही क्यों होते हैं?
चंदन सिंह: आप किस आधार पर सरकार में थे और अब बाहर क्यों हैं?
मंत्रीजी: उन्हें बम मारने का कोई अधिकार नहीं था। अगर उन्होंने बम मारा है, तो कार्रवाई जरूर होनी चाहिए।
ग्राम प्रधान ने कहा– हां ये मेरी ही आवाज है

ऑडियो की पुष्टि करते हुए ग्राम प्रधान चंदन सिंह ने कहा, जो कुछ भी कहा गया है, वह 100% सत्य है।
ऑडियो की पुष्टि करते हुए ग्राम प्रधान चंदन सिंह ने कहा, जो कुछ भी कहा गया है, वह 100% सत्य है, लेकिन हम उस बयान से सहमत नहीं हैं, जिसमें कहा गया कि माननीय योगी आदित्यनाथ की जाति के लोग आतंकवादी हैं और यहां आतंकवादी के रूप में काम कर रहे हैं।
प्रधान ने आगे कहा, स्वामी प्रसाद मौर्य पिछली सरकार में शामिल रहे हैं, आपकी बेटी सांसद रही हैं। यदि आप सरकार के साथ नहीं हैं, तो इसका मतलब यह नहीं कि आप सरकार को बदनाम करें। एक छोटे से प्रकरण को जातीय रंग देकर बड़ा मुद्दा बनाना और पूरी जाति पर आतंकवादी होने का तमगा लगाना अत्यंत निंदनीय है।”
उन्होंने कहा, जिस जाति को आप आतंकवादी बता रहे हैं, वही जाति राजपुताना रेजिमेंट में शामिल होकर देश की रक्षा करती है और सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहती है।
प्रधान चंदन सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि स्वामी प्रसाद मौर्य जल्द माफी नहीं मांगते, तो हर जिले और हर चौराहे पर उनका पुतला जलाया जाएगा। उन्हें तुरंत अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।
————————-
ये खबर भी पढ़ेंः-
IAS अफसर को चारपाई पर लादकर जंगल से निकाला…VIDEO, ललितपुर में मधुमक्खियों के हमले में बेहोश हुए

ललितपुर में मधुमक्खियों ने IAS कमलाकांत पांडेय को इस कदर डंक मारे कि बेहोश होकर जंगल में गिर पड़े। उनकी ऐसी हालत देखकर गनर चंद्रपाल सिंह उनसे लिपट गया। फिर मधुमक्खियां गनर पर टूट पड़ीं, जिससे वह भी बेहोश हो गया। पढ़ें पूरी खबर…