कानपुर के चकेरी में सिक्योरिटी गार्ड की मूक-बधिर पत्नी से उसके ही नजदीकी ने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने पति को मामले की जानकारी दी तो उन्होंने चकेरी थाने में तहरीर दी।
.
जाजमऊ और चकेरी थाने की पुलिस ने सीमा विवाद के चलते एफआईआर दर्ज नहीं की। अब पीड़ित ने कोर्ट की मदद से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मूक-बधिर महिला को अकेला पाकर दिया वारदात को अंजाम
चकेरी निवासी पीड़ित ने बताया कि वह सिक्योरिटी गार्ड है। जिस कंपनी के जरिए वह गार्ड की नौकरी कर रहे उसका संचालन मवैया गांव निवासी विक्रम सिंह कर रहे हैं।
पीड़ित ने बताया कि जब वे अक्टूबर 2024 में जाजमऊ स्थित एक टेनरी में गार्ड की नौकरी कर रहे थे। तब आरोपित विक्रम सिंह ने बहाने से उनके घर पर आना जाना शुुरू किया।
फिर कुछ दिनों बाद जब वे ड्यूटी पर गये थे और बच्चे भी स्कूल गये थे। तब विक्रम उनके घर पहुंचे और उनकी मूक बधिर पत्नी के अकेला पाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह से पत्नी ने खुद को बचाया।
फिर पीड़ित के घर पहुंचने पर पत्नी ने पूरी घटना से इशारे से बताई। जिस पर उन्होंने विरोध किया तो आरोपित ने उन्हें धमकाया। जिसके चलते उन्होंने नौकरी छोड़ दी।
लेकिन उसके बाद भी आरोपित उन्हें फोन कर परेशान करता रहा। उसके बाद दिसंबर 2024 में आरोपित ने उन पर टैनरी में मोटर चोरी कर लेने का आरोप लगाया। साथ ही आरोपित ने उन्हें घटना की पुलिस से शिकायत करने पार जान से मारने की धमकी दी।
जिसके बाद उन्होंने चकेरी थाने में शिकायत की, लेकिन चकेरी और जाजमऊ थाने का सीमा विवाद के चलते रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। चकेरी थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।