कुशीनगर में मौसम का कहर जारी है। जिले में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम होकर 7.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.7 डिग्री कम होकर 16 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।
.
शुक्रवार की सुबह हल्की धूप निकली, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने से ठंड का प्रकोप कम नहीं हुआ। 5.5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दोपहर तीन बजे के बाद आसमान में बदली छा गई, जिससे गलन और बढ़ गई।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया की मौसम विज्ञानी श्रुति वी सिंह के अनुसार, मौसम का सामान्य अधिकतम तापमान 20.7 और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए था। उन्होंने चेतावनी दी है कि अभी लोगों को शीतलहर और कोहरे से राहत नहीं मिलेगी। इतना ही नहीं, शनिवार और रविवार को जिले के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी की भी संभावना है, जो ठंड को और बढ़ा सकती है।