अमृत जायसवाल। महराजगंज6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में हजारों प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों को बंद करने के फैसले का विरोध हो रहा है। महराजगंज जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट विजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि सरकार एक तरफ शराब की दुकानें खोल रही है। दूसरी तरफ करीब 5000 स्कूलों को बंद किया जा रहा है। इनमें महराजगंज के कई विद्यालय भी शामिल हैं।
कांग्रेस का कहना है कि इस फैसले से बच्चों का भविष्य प्रभावित होगा। साथ ही विद्यालयों में काम करने वाले रसोइया, सफाईकर्मी और अन्य कर्मचारी बेरोजगार होंगे। इससे गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से स्कूल बंद करने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार की मांग की है। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों की शिक्षा और कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए सरकार को निर्देश दिए जाएं।
विरोध कार्यक्रम में कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह और पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मीडिया चेयरमैन जयप्रकाश लाल, जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ला और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।